बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में एक युवक और उसके पालतू कुत्ते की एक साथ मौत ने रहस्य खड़ा कर दिया है। युवक का शव उसके किराए के कमरे में मिला, जहां उसका पालतू कुत्ता भी मृत पाया गया। घटना के बाद पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है।
पुलिस को यह सूचना प्रेमनगर निवासी धीरज चंदन द्वारा दी गई। उन्होंने बताया कि उनका मौसेरा भाई निखिल अरोड़ा (33) डेलापीर इलाके में किराए पर रहता था और रोजाना उनके घर खाना खाने आता था। सोमवार को वह न तो घर पहुंचा और न ही उसका मोबाइल फोन चालू मिला, जिससे परिजनों को चिंता हुई।
परिजन जब निखिल के कमरे पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो निखिल अरोड़ा का शव कमरे में पड़ा मिला। उसके पास ही उसका पालतू कुत्ता भी मृत अवस्था में मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया।
तलाशी के दौरान कमरे से सल्फास की पुड़िया बरामद हुई है, जिससे जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है।
इज्जतनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार गौतम के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



