भाजपा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने युवाओं को दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आत्मनिर्भर भारत युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी रहे। सम्मेलन में युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन से की गई।

 

भूपेंद्र सिंह चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने देशभर में जन-जागरण अभियान शुरू किया है, जिसके तहत युवा, महिला और किसान सम्मेलनों के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया और कहा कि भारत में निर्मित वस्तुओं का प्रयोग आत्मनिर्भर भारत की दिशा में पहला कदम है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज भारत रक्षा उपकरणों सहित कई वस्तुओं का निर्यात कर रहा है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि हमें अपने स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए ताकि आयात पर निर्भरता कम हो और देश के उद्योगों को बढ़ावा मिले।

उन्होंने कहा कि जब हम स्वदेशी अपनाते हैं तो अपने देश की मिट्टी और मेहनतकश लोगों से जुड़ाव महसूस होता है। युवाओं को उद्यमिता और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए ताकि भारत वैश्विक बाजार में अपनी पहचान स्थापित कर सके। आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब हर नागरिक अपने योगदान से देश को सशक्त बनाएगा।

कार्यक्रम में सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, विधायक डॉ. एम.पी. आर्य, डॉ. डी.सी. वर्मा, बहोरन लाल मौर्य, कुंवर महाराज सिंह, एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और छात्र उपस्थित रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज