91 लाख रुपये कीमत के मोबाइल मिले वापस, सीईआईआर पोर्टल और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने चलाया अभियान
बरेली। मोबाइल फोन गुम होने के बाद अधिकांश लोग उसके वापस मिलने की उम्मीद छोड़ देते हैं, लेकिन बरेली पुलिस के विशेष अभियान ने कई लोगों के चेहरे पर फिर से मुस्कान ला दी। पुलिस ने जुलाई महीने में गुम और चोरी हुए 455 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 91 लाख रुपये बताई गई है।

मोबाइल बरामदगी के लिए जिले की साइबर सेल, सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की पुलिस ने संयुक्त प्रयास किया। पुलिस ने भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल समेत आधुनिक तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर गुम हुए मोबाइलों को ट्रेस किया। जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को सौंपे गए।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। कई लोगों ने बताया कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया हुआ फोन दोबारा मिल पाएगा।
एसपी क्राइम मनीष सोनकर ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में पिछले करीब डेढ़ वर्ष से गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत जुलाई महीने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली और 455 मोबाइल फोन बरामद किए गए।।
उन्होंने बताया कि जनवरी से जुलाई 2026 तक बरेली पुलिस 3,048 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 6.09 करोड़ रुपये से अधिक है। वहीं जनवरी 2025 से अब तक 6,180 मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं। इन बरामद मोबाइलों की कुल कीमत करीब 12 करोड़ रुपये आंकी गई है।
जुलाई महीने में मोबाइल बरामदगी के मामले में बहेड़ी थाना सबसे आगे रहा, जहां पुलिस टीम ने 46 मोबाइल फोन बरामद किए। बेहतर कार्य करने वाली साइबर टीम और थाना पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर सूचना मिलने से मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ जाती है।



