बरेली। समाजवादी पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की स्मृति में निकाली जा रही 12 दिवसीय PDA जनचेतना पदयात्रा दूसरे दिन मंगलवार को भी पूरे उत्साह के साथ जारी रही। महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी के नेतृत्व में सैकड़ों सपाइयों का जत्था तिलक इंटर कॉलेज, किला से रवाना हुआ। यात्रा साहूकारा, बड़ा बाजार, कुतुबखाना और बांसमंडी होते हुए शाहमतगंज पहुंचकर संपन्न हुई।

पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता महंगाई, बेरोजगारी, महंगी शिक्षा और वोट चोरी जैसे मुद्दों को लेकर नारे लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए लोगों से समाजवादी पार्टी का समर्थन करने की अपील की। रास्ते में व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई से आम आदमी परेशान है और युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य मुलायम सिंह यादव के विचारों और समाजवादी मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना तथा PDA समाज को अधिकारों और सम्मान के प्रति जागरूक करना है।
किला जामा मस्जिद, साहूकारा, फूटा दरवाजा, बड़ा बाजार, बांसमंडी और शाहमतगंज में विभिन्न नेताओं एवं व्यापारियों ने यात्रा का स्वागत किया। पदयात्रा में पूर्व महानगर अध्यक्ष कदीर अहमद, राजेश अग्रवाल, संजीव सक्सेना, डॉ. अनीस बेग, रणवीर सिंह जाटव, राजेश मौर्या, कई पार्षदों, महिला सभा, युवजन सभा, छात्र सभा और लोहिया वाहिनी के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल रहे।



