कैंट में सपा का PDA दांव! रणवीर सिंह जाटव को हाईकमान ने किया तलब, फरीदपुर, कैंट और शहर सीट से चुनाव लड़ने के इच्छुक

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। बरेली की कैंट विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी (सपा) के पीडीए फॉर्मूले को लेकर नए समीकरण बनने की चर्चा है। दलित चिंतक और समाजसेवी के रूप में पहचान रखने वाले रणवीर सिंह जाटव को लेकर पार्टी के भीतर हलचल बढ़ गई है। बताया जा रहा है कि सपा हाईकमान ने उन्हें खुद तलब कर चुनाव लड़ने के लिए संपर्क किया है। रणवीर सिंह जाटव की संभावित दावेदारी को कैंट सीट पर सपा की रणनीति में अहम माना जा रहा है।

फोटो में रणवीर सिंह जाटव सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ

 

सूत्रों के मुताबिक, रणवीर सिंह जाटव फरीदपुर, कैंट और शहर विधानसभा सीटों में से किसी एक पर चुनाव लड़ने के इच्छुक हैं। तीनों सीटों पर उनकी दावेदारी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि कैंट और शहर विधानसभा क्षेत्रों में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की अच्छी संख्या है। ऐसे में सपा के पीडीए समीकरण के तहत उनकी उम्मीदवारी को लेकर संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।

कैंट में टिकट की दावेदारी पर लग सकता है विराम

कैंट विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी के कई नेता टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। ऐसे में अगर रणवीर सिंह जाटव को पार्टी मैदान में उतारती है तो टिकट को लेकर चल रही प्रतिस्पर्धा पर विराम लग सकता है। उनके समर्थकों का मानना है कि दलित समाज में उनकी सक्रियता और सामाजिक पहचान के साथ साफ छवि उन्हें दूसरे वर्गों में भी स्वीकार्यता दिला सकती है।

चर्चा यह भी है कि रणवीर सिंह जाटव को उम्मीदवार बनाए जाने से बरेली जोन की अन्य सीटों पर भी सपा को राजनीतिक लाभ मिल सकता है। हालांकि, अभी पार्टी की ओर से उनकी उम्मीदवारी या विधानसभा सीट को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

भूपेंद्र चौधरी ने सपा पर साधा निशाना

दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसंपर्क के आधार पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी और विकास के मुद्दे पर वोट मांगेगी।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी के पुराने कार्यकाल पर सवाल उठाए। भूपेंद्र चौधरी ने सपा पर परिवारवाद और भाई-भतीजावाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार में दंगाइयों को संरक्षण दिया जाता था। कांग्रेस और सपा के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, जातिवाद और कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब रही।

उन्होंने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज और निवेश के क्षेत्र में हुए कामों का भी जिक्र किया। टिकट वितरण पर उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रायशुमारी के बाद नाम केंद्रीय चुनाव समिति को भेजे जाते हैं। प्रत्याशी का अंतिम फैसला केंद्रीय चुनाव समिति करती है।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी दलों को अपनी बात रखने का अधिकार है। साथ ही सपा पर मुस्लिम समाज को वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।

पीडीए समीकरण पर टिकी निगाहें

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बरेली में भाजपा और सपा की तैयारियां चर्चा में हैं। भाजपा जहां सरकार के कामकाज और विकास को चुनावी मुद्दा बनाने की बात कह रही है, वहीं सपा के संभावित पीडीए समीकरण में रणवीर सिंह जाटव की भूमिका को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज