बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर में मंगलवार दोपहर एक बंद मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान बंद होने के कारण दमकल कर्मियों को अंदर प्रवेश करने में परेशानी हुई। इसके बाद खिड़कियां तोड़कर टीम ने अंदर पहुंचकर आग बुझाई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, 24 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 1:34 बजे राजेंद्र नगर में मकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर सिविल लाइंस स्थित अग्निशमन केंद्र से तत्काल एक फायर यूनिट घटनास्थल के लिए रवाना की गई।
मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आवास विकास कॉलोनी स्थित मकान संख्या बी-22/6 में आग लगी हुई थी। दमकल कर्मियों ने मोटर फायर इंजन से होज पाइप लाइन फैलाकर पंपिंग शुरू की और आग बुझाने का प्रयास किया। मकान बंद होने की वजह से टीम को अंदर पहुंचने में दिक्कत हुई। इसके बाद खिड़कियों को तोड़कर दमकल कर्मियों ने अंदर प्रवेश किया और आग को पूरी तरह बुझा दिया।
जांच के दौरान मकान आभा टंडन का बताया गया। आग बुझाने के बाद दमकल टीम वापस फायर स्टेशन पहुंच गई। अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।



