बहेड़ी के चर्चित किसान आत्महत्या मामले में आया एसएसपी अनुराग आर्य का बयान, पूर्व कुलपति समेत चार पर FIR

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बहेड़ी के चर्चित किसान भगवान सिंह आत्महत्या मामले में घटना के तीन दिन बाद एसएसपी अनुराग आर्य का बयान सामने आया है। जमीन विवाद में किसान की मौत के बाद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसएसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सभी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। वहीं, तीन दिन तक चले गतिरोध के बाद किसान का अंतिम संस्कार भी करा दिया गया।

12 एकड़ जमीन के विवाद में किसान की मौत

मामला बहेड़ी थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गांव का है। यहां 12 एकड़ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच किसान भगवान सिंह की मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार ने डेढ़ करोड़ रुपये मुआवजा, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और विवादित जमीन वापस दिलाने की मांग उठाई थी। मांगें पूरी होने तक परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया था।

पूर्व कुलपति समेत चार लोगों पर मुकदमा

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पूर्व कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। परिवार ने आरोप लगाया है कि जमीन से जुड़े विवाद और कथित अनियमितताओं के चलते भगवान सिंह परेशान थे। मामले में पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।

तीसरे दिन हुआ अंतिम संस्कार

अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन और परिजनों के बीच करीब  तीन दिन तक बातचीत का दौर चला। रविवार को सुखदेव सिंह नामधारी की मौजूदगी में प्रशासन, परिवार और किसान व सिख संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच सहमति बनी। इसके बाद भगवान सिंह का सिख रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया गया।

सहमति के तहत प्रशासन को मांगों पर कार्रवाई के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। किसान और सिख संगठनों ने चेतावनी दी है कि तय समय में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो दोबारा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

एसएसपी अनुराग आर्य ने क्या कहा?

घटना के तीन दिन बाद सामने आए बयान में एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस ने परिजनों से बातचीत की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सभी तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिया है।

मृतक के बेटे भान सिंह और उनके बहनोई सुखदेव सिंह नामधारी ने भी इस मामले में अपनी बात रखी है। अब परिजनों और संगठनों की निगाहें प्रशासन की ओर से दिए गए 10 दिन के समय में होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज