Bareilly news: दरोगा पर महिला ने लगाए दुष्कर्म और शादी का झांसा देने के आरोप, एसएसपी ने किया निलंबित

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

Bareilly news। बरेली पुलिस के एक उपनिरीक्षक की कथित रंगीनमिजाजी उस समय भारी पड़ गई, जब एक महिला ने उस पर नौकरी और शादी का झांसा देकर लंबे समय तक यौन शोषण करने, आर्थिक शोषण और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए। महिला की शिकायत पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचते ही महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वर्तमान में थाना सिरौली में तैनात उपनिरीक्षक  को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंशिका वर्मा को सौंप दी गई है।

 

पीड़िता ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि जब दरोगा  बारादरी थाने में तैनात थे, तब वह उसके पारिवारिक विवाद में मददगार बनकर सामने आए। पहले उन्होंने उसके पति के खिलाफ कार्रवाई कराने का भरोसा दिया और फिर नौकरी दिलाने का आश्वासन देकर उसका विश्वास जीत लिया। महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का वादा किया और इसी बहाने कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।

महिला का कहना है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि दरोगा पहले से शादीशुदा हैं। जब उसने इसका विरोध किया और दूरी बनाने की कोशिश की तो आरोपी ने पुलिस विभाग में अपनी पकड़ और प्रभाव का डर दिखाते हुए उसे तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दरोगा ने उससे कई बार रुपये लिए और शिकायत करने पर अपने परिजनों के साथ मिलकर मारपीट और धमकी भी दी।

महिला ने एसएसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी उपनिरीक्षक और उसके सहयोगियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि प्रथम दृष्टया आरोपों की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक  को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत विभागीय जांच पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अंशिका वर्मा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज