Bareilly News: किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव मोहम्मद शोएब की संदिग्ध मौत, दो अन्य युवकों का इलाज जारी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बहेड़ी कस्बे में भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के प्रदेश महासचिव मोहम्मद शोएब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं उनके साथ अस्पताल पहुंचे दो अन्य युवक उपचाराधीन हैं। मामले को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मौत के कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है।

 

सोर्स। न्यूज वोक्स

स्थानीयों के मुताबिक 5 अगस्त की रात तीन युवकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली के एसआरएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मोहम्मद शोएब को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य युवकों को बेहोशी की हालत में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। अस्पताल प्रशासन ने इसे प्रथम दृष्टया संदिग्ध पॉइजनिंग का मामला माना है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इस दौरान भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) के जिला अध्यक्ष दुर्गेश मौर्य समेत संगठन के कई पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

प्रदेश सचिव दानिश बाबा, समाजसेवी समीर, इस्लाम उर्फ वीरान, यूनुस अंसारी सहित बड़ी संख्या में लोग भी अस्पताल पहुंचे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। संगठन के जिला अध्यक्ष दुर्गेश मौर्य ने कहा कि इस कठिन समय में किसान यूनियन पूरी मजबूती के साथ दिवंगत नेता के परिवार के साथ खड़ी है।

 

घटना के बाद क्षेत्र में अवैध नशे के कथित कारोबार को लेकर लोगों के बीच चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की पुष्टि नहीं की है और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की है।

क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि बहेड़ी क्षेत्र के तीन युवकों को उनके परिजन एसआरएमएस अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इनमें शोएब अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत थे, जबकि सलीम और नदीम बेहोशी की हालत में भर्ती किए गए। अस्पताल ने मामले को संदिग्ध पॉइजनिंग के रूप में दर्ज किया है। दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज