फर्जी पत्रकार-अधिकारी बनकर धमकाते थे, फिर करते थे उगाही,दो गिरफ्तार, तीन की तलाश

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। प्रतिबंधित प्रजाति की मछली के पालन का मामला बताकर लोगों को डराने-धमकाने और रुपये वसूलने वाले गिरोह का बरेली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। देवरनिया और भोजीपुरा पुलिस की कार्रवाई में गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद को कभी पत्रकार तो कभी मत्स्य विभाग का अधिकारी बताकर लोगों पर दबाव बनाते थे। अब तक की जांच में दो लाख रुपये से अधिक की उगाही किए जाने की बात सामने आई है।

 

एसपी ग्रामीण मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आजम निवासी इज्जतनगर थाना क्षेत्र और साजिद निवासी भोजीपुरा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है। पूछताछ और विवेचना के दौरान इस गिरोह में कुल पांच सदस्यों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें बसंत, रिजवान और अरविंद के नाम भी प्रकाश में आए हैं। तीनों फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।

एसपी ग्रामीण के अनुसार, मामले में देवरनिया और भोजीपुरा थानों में अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। थाना देवरनिया में मुकदमा अपराध संख्या 369/24 और थाना भोजीपुरा में मुकदमा अपराध संख्या 722/24 के तहत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

प्राथमिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी प्रतिबंधित मछली पालन का हवाला देकर लोगों को कार्रवाई का डर दिखाते थे और इसके बाद उनसे अनुचित लाभ हासिल करते थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पर्याप्त साक्ष्यों के साथ न्यायालय में पेश कर अभिरक्षा में भेज दिया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और उगाही के तरीके के संबंध में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज