उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार को लखनऊ में प्रदेशभर के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी तैयारियों की रूपरेखा तैयार की। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ प्रबंधन और उम्मीदवारों के चयन जैसे अहम मुद्दों पर मंथन हुआ। इस दौरान मायावती को पांचवीं बार प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प भी लिया गया।

बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों सहित तमाम पदाधिकारी शामिल हुए। मायावती ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को अभी से चुनावी मैदान में सक्रिय होने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना होगा और सर्वसमाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने पर विशेष ध्यान देना होगा।

मायावती ने सभी जिलों के पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियां तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में मजबूत उम्मीदवारों का चयन और बहुजन समाज के साथ सर्वसमाज का समर्थन हासिल करना पार्टी की प्राथमिकता होगी। साथ ही कार्यकर्ताओं को मीडिया में चलने वाले भ्रामक प्रचार और फर्जी सर्वे से प्रभावित न होने की सलाह दी।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार, राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा और आजमगढ़ मंडल की कोऑर्डिनेटर इंदु सिंह समेत तमाम नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं 6 दिसंबर की प्रस्तावित रैली को बसपा के लिए आगामी विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के बड़े अवसर के तौर पर देखा जा रहा है।




