नवरात्र से पहले बरेली की सड़कें होंगी गड्ढामुक्त, सीएम के निर्देश पर डीएम ने तय की 10 अक्टूबर की डेडलाइन

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

बारिश ने जिले की सड़कों की सेहत बिगाड़ दी है तो अब प्रशासन ने उन्हें दोबारा दुरुस्त कराने की कमान संभाल ली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद बरेली में सड़कों की मरम्मत का अभियान तेज कर दिया गया है। डीएम अविनाश सिंह ने संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 10 अक्टूबर तक जिले के मुख्य मार्गों से लेकर संपर्क सड़कों तक को गड्ढामुक्त कर दिया जाए।

डीएम ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए जिले की सड़कों पर पहले ही बड़े स्तर पर पैचवर्क और मरम्मत कराई गई थी। हालांकि, हाल में हुई लगातार और तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़कें फिर क्षतिग्रस्त हो गईं और गहरे गड्ढे बन गए।

अब शारदीय नवरात्र से पहले सड़कों को बेहतर स्थिति में लाने के लिए सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि काम में किसी तरह की ढिलाई न बरती जाए और निर्धारित समय सीमा के भीतर मरम्मत का काम पूरा किया जाए।

सड़कों की स्थिति को लेकर पीडब्ल्यूडी, नगर निगम, एनएचएआई, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और जिला पंचायत समेत संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा की गई। एनएचएआई की टीम के साथ भी बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख मार्गों की स्थिति पर चर्चा की गई।

प्रशासन के मुताबिक पीलीभीत-नवाबगंज मार्ग, बरेली-भमोरा-बदायूं मार्ग समेत जिले के अन्य प्रमुख और संपर्क मार्गों पर मरम्मत कार्य कराया जाएगा। जहां जरूरत होगी, वहां पैचवर्क के साथ गड्ढों को भरने और सड़क की क्षतिग्रस्त सतह को ठीक करने का काम किया जाएगा।

डीएम ने कहा कि सभी संबंधित विभागों ने 10 अक्टूबर से पहले सड़कों को बेहतर स्थिति में लाने का भरोसा दिया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment