परिवर्तनी एकादशी पर फूलों से सजा बाबा श्याम का दरबार, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की परिवर्तनी एकादशी पर मंगलवार को श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में बाबा श्याम का भव्य श्रृंगार किया गया। कलकत्ता, बेंगलुरु और शिमला से मंगाए गए फूलों से मंदिर परिसर और बाबा का दरबार सजाया गया। फूलों से सजे दरबार की मनमोहक झांकी देखने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे।

मोनू-कामिनी पाल ने कराई श्रृंगार सेवा

परिवर्तनी एकादशी पर बाबा श्याम की विशेष श्रृंगार सेवा दुर्गानगर निवासी मोनू-कामिनी पाल परिवार की ओर से कराई गई। परिवार ने मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1.5 टन का एसी भी अर्पित किया। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि एकादशी के अवसर पर बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार और पूजन कराया गया।

भक्तों की आस्था से जुड़ी मान्यताओं का किया उल्लेख

महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि बाबा श्याम के दरबार में दूर-दराज से श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। मंदिर प्रबंधन के अनुसार कई भक्त मनोकामना पूरी होने के बाद मंदिर पहुंचकर अपने अनुभव साझा करते हैं। श्रद्धालुओं की ओर से संतान सुख, बीमारी से राहत और व्यापार में उन्नति से जुड़े अनुभव भी बताए गए हैं। ये श्रद्धालुओं की व्यक्तिगत आस्था और अनुभव हैं।

सोर्स।न्यूज वोक्स

माधुरी पटेल ने साझा किया अनुभव

मंदिर प्रबंधन ने भक्त विवेक पटेल की पत्नी माधुरी पटेल के अनुभव का भी उल्लेख किया। प्रबंधन के अनुसार दिल्ली, लखनऊ और बरेली में उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उनके परिवार को मां बनने की संभावना नहीं होने की बात बताई थी। परिवार का कहना है कि बाबा श्याम और बाबा नीम करौली के प्रति आस्था के बाद माधुरी सामान्य रूप से गर्भवती हुईं। विवेक पटेल ने 29 अक्टूबर 2025 को मंदिर परिसर में बाबा नीम करौली की स्थापना कराई थी।

भजनों पर झूमते नजर आए श्रद्धालु

शाम को सात्विक संकीर्तन मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन गायक निष्काम पांडेय, हार्दिक अरोड़ा, रामजी पाण्डेय और सोनल चंचल ने बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति दी। गुरु गणेश और सरस्वती वंदना के बाद भजन संध्या शुरू हुई। ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे’ सहित अन्य भजनों पर श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।

संगीत की संगत ने बांधा समां

भजन संध्या में ऑर्गन पर विशाल मौर्य, ढोलक पर अनमोल और पैड पर दिव्याशं ने संगत की। साउंड सेवा की जिम्मेदारी विपिन कश्यप ने संभाली। भजनों और संगीत के बीच पूरा मंदिर परिसर देर शाम तक भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

मनोकामना पूरी होने पर भक्तों ने मंदिर को दिए सामान

मंदिर प्रबंधन के अनुसार मनोकामना पूरी होने के बाद कई श्रद्धालुओं ने मंदिर की सुविधाओं के लिए सामान भी अर्पित किया। मोनू-कामिनी पाल परिवार ने एसी भेंट किया, जबकि संजय आयलानी ने एल्युमिनियम और शीशे का दरवाजा लगवाया। प्रबंधन के मुताबिक बाबा श्याम की स्थापना भी संजय आयलानी ने कराई थी।

कार्यक्रम में मोनू-कामिनी पाल, संजय आयलानी, अनुपम टीबड़ेवाल, निषिश अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, मनोज गुप्ता, रामबहादुर प्रजापति, राजेश कुमार, सविता, कुलदीप गुप्ता, गौरव अरोड़ा, पवन मौर्य, सत्यवती पाठक, दीक्षा पाठक, श्रद्धा, माही, ममता, मीनू-राजेंद्र भसीन, अंकुर गुप्ता, काजल-जगमोहन प्रजापति, अंकुर कक्कड़, अंकुश अग्रवाल, अनूप मिश्रा, भगवानदास, अभिषेक शर्मा, पुनीत मिश्रा, डॉली सक्सेना, इंद्रेश, अभिषेक, आदित्य, राजकुमार, अंकुर कश्यप, बिपिन कश्यप, सचिन और विशाल समेत सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment