बरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर बरेली में प्रशासन की ओर से विशेष आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। कलेक्ट्रेट परिसर को आकर्षक तरीके से सजाने का काम चल रहा है। परिसर में दीप प्रज्ज्वलन के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं और सजावट को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
आयोजन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में 10 हजार दीप जलाए जाने की तैयारी है। इसके लिए करीब चार टिन सरसों का तेल मंगाया गया है। परिसर में 25 मटकियों को भी सजाया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में साफ-सफाई, सजावट और दीप प्रज्ज्वलन से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी की जा रही हैं।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के कार्यक्रम के तहत प्रशासन की ओर से ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान भी चलाया जा रहा है। आयोजन को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में तैयारियां लगातार जारी हैं।
मौलाना शहाबुद्दीन ने दी प्रधानमंत्री को बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की मुबारकबाद देते हुए देश की जनता के हित में आगे भी काम करने की उम्मीद जताई।

मौलाना शहाबुद्दीन ने अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। उन्होंने भारत के मुस्लिम देशों के साथ संबंधों का भी जिक्र किया। मौलाना के मुताबिक, प्रधानमंत्री की मुस्लिम देशों की यात्राओं के दौरान वहां उनका स्वागत किया जाता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों को सभी वर्गों के बीच आपसी विश्वास बढ़ाने और लोगों के दिलों को जोड़ने के लिए काम करने की सलाह दी। मौलाना ने कहा कि समाज के सभी समुदायों के बीच भरोसा और भाईचारा कायम रहना जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना भी की।




