बरेली। जिले में तेज आंधी और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। गुरुवार सुबह से ही कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के बीच पेड़ और दीवार गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। किला थाना क्षेत्र के बाकरगंज वाल्मीकि बस्ती में पड़ोसी की दीवार मकान पर गिरने से पांच लोग घायल हो गए। वहीं, ग्रामीण अंचलों से भी बारिश और तेज हवा के चलते नुकसान की सूचनाएं सामने आने लगी हैं। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

किला क्षेत्र के बाकरगंज वाल्मीकि बस्ती में सुबह तेज आंधी और बारिश के दौरान पड़ोसी की दीवार अचानक भरभराकर मकान पर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आने से 13 वर्षीय रनवीर, छह वर्षीय आशु पुत्र तन्नु, 18 वर्षीय तरु पुत्री राजकुमार, 15 वर्षीय वीरा पुत्री राजकुमार और 45 वर्षीय सोनिया पत्नी रघुवीर घायल हो गए।
दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। परिवार और मोहल्ले के लोगों ने मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टर वैभव शुक्ला ने घायलों को भर्ती कर उपचार शुरू किया। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
बारिश और तेज हवाओं के कारण जिले के कई हिस्सों में पेड़ गिरने और अन्य नुकसान की खबरें भी सामने आ रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से भी लगातार नुकसान की सूचनाएं मिलने लगी हैं। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों में चिंता बढ़ गई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के मुताबिक जिले में किसी व्यक्ति की मौत की सूचना नहीं है।




