सीएम योगी को जान से मारने की धमकी देने वाला गिरफ्तार, पुलिस दरोगा को भी दी थी धमकी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भोजीपुरा पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने डायल-112 पर कॉल कर मुख्यमंत्री को धमकी दी थी। पुलिस जब उसकी तलाश में जुटी तो उसने एक उपनिरीक्षक को भी जान से मारने और सस्पेंड कराने की धमकी दी। तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई को डायल-112 कंट्रोल रूम पर एक कॉल आई, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जान से मारने की धमकी दी गई। सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद भोजीपुरा थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में कॉल करने वाले की पहचान घंघोरा पिपरिया रोड स्थित मॉडर्न विलेज निवासी अनिल कुमार के रूप में हुई।

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने मोबाइल नंबर के जरिए संपर्क किया। इस दौरान उसने पुलिस से अभद्र व्यवहार किया और कार्रवाई करने पर उपनिरीक्षक को भी जान से मारने तथा नौकरी से सस्पेंड कराने की धमकी दी। इतना ही नहीं, वह लगातार गलत पता और लोकेशन बताकर पुलिस को गुमराह करता रहा।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी की वास्तविक लोकेशन का पता लगाया।

 

मंगलवार को भोजीपुरा पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ थाना इज्जतनगर में वर्ष 2024 और 2026 के दो आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक सुशील कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment