कांवड़ यात्रा के चलते बड़ा फैसला, दिल्ली-बदायूं रोड के 5 किमी दायरे में शिक्षण संस्थान बंद, नाथ मंदिरों में उमड़ेगी आस्था

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। सावन के पहले सोमवार को बरेली में आस्था का विशाल सैलाब उमड़ने की उम्मीद है। जिले के सातों नाथ मंदिरों समेत प्रमुख शिवालयों में जलाभिषेक और दर्शन के लिए करीब 15 लाख कांवड़ियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और कानून व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। साथ ही विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।

सोर्स।न्यूज वोक्स

जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार बरेली महानगर के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी शिक्षण संस्थान सोमवार को विद्यार्थियों के लिए बंद रहेंगे। आदेश के दायरे में यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों से संचालित विद्यालयों के अलावा विश्वविद्यालय, डिग्री कॉलेज, आईटीआई, पॉलिटेक्निक और अन्य तकनीकी शिक्षण संस्थान भी शामिल हैं।

प्रशासन का कहना है कि सावन के सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़िए विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसके चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर सुबह से देर रात तक भारी यातायात दबाव रहता है और कई स्थानों पर जाम की स्थिति बन जाती है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि, शिक्षण संस्थानों में अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए रहेगा। शासकीय और प्रशासनिक कार्यों के लिए संबंधित स्टाफ अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहेगा। यदि किसी बोर्ड, विश्वविद्यालय या आयोग की पूर्व निर्धारित परीक्षा है, तो वह अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।

सावन के पहले सोमवार को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कांवड़ मार्गों, सातों नाथ मंदिरों और अन्य प्रमुख शिवालयों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है तथा कई स्थानों पर बैरिकेडिंग और रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है।

प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें। सोमवार को भारी भीड़ को देखते हुए आम लोगों से भी अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज