बरेली। मीरगंज थाना पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर टप्पेबाजी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथियों को मौके से दबोच लिया गया। बाद में पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक महिला को भी चोरी के कुंडलों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार कुल्छा पेट्रोल पंप से नगरिया सादात मार्ग पर स्थित मजार के पास देर रात चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अमन उर्फ शहजाद उर्फ शहजादे निवासी मेरठ के पैर में गोली लग गई। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
वहीं पप्पू सिंह उर्फ फौजी और आसिफ को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे , दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक अवैध चाकू, दो मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।पूछताछ में आरोपियों ने 15 जुलाई 2026 को मीरगंज बाजार में एक महिला से टप्पेबाजी कर सोने के कुंडल चोरी करने की वारदात स्वीकार की।
आरोपियों ने बताया कि इस घटना में आसिफ की पत्नी फहीमा भी शामिल थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फहीमा को लाभारी चौकी के आगे रामपुर-बरेली रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी गए एक जोड़ी सोने के कुंडल भी बरामद हुए।क्षेत्राधिकारी मीरगंज अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 15 जुलाई को मीरगंज बाजार में एक महिला के कान से टप्पेबाजी कर कुंडल उतार लिए गए थे, जिसके संबंध में थाना मीरगंज में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 26 जुलाई की रात चेकिंग के दौरान तीनों बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल करते हुए फहीमा के पास कुंडल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर चोरी के कुंडल बरामद कर लिए। उन्होंने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आर्म्स एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



