बरेली। शेरगढ़ थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद के चलते अपने सगे भाई की हत्या कर फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर आरोपी को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 16 जुलाई को शेरगढ़ थाना क्षेत्र के खजुआ जागीर गांव में संपत्ति को लेकर हुए विवाद में गुड्डू उर्फ तौफीक ने अपने छोटे भाई इसरार पुत्र लतीफ उर्फ लल्ला खां को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल इसरार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में मृतक की पत्नी की शिकायत पर शेरगढ़ थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। उसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से कस्बापुर पुल की ओर आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने जब आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिससे आरक्षी अंकुर भाटी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ तौफीक पुत्र लतीफ उर्फ लल्ला खां निवासी खजुआ जागीर, थाना शेरगढ़ के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जीवित कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यही तमंचा हत्या में प्रयुक्त हथियार पाया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शेरगढ़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, मारपीट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में पहले से 33 मुकदमे दर्ज हैं। घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में एक और मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



