बरेली कलेक्ट्रेट गेट पर तख्ती लेकर पहुंचा युवक, पुलिस ने किया चालान, जाने पूरा मामला

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।

बरेली कलेक्ट्रेट गेट पर  मंगलवार को उस समय हलचल मच गई, जब एक युवक हाथ में संदेश लिखी तख्ती लेकर विरोध दर्ज कराने पहुंच गया। तख्ती पर “धर्मेंद्र इस्तीफा दो”, “जय हिंद” और “जय भारत” लिखा था। युवक दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई हालिया घटना के विरोध में अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांतिपूर्वक नियंत्रित कर लिया।

पूछताछ में युवक की पहचान सचिन यादव पुत्र रामवीर यादव, निवासी ग्राम जौहरपुर, थाना सीबीगंज के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब 27 वर्ष है। वह इंटरमीडिएट तक शिक्षित है और वर्तमान में झुमका चौराहे से बरेली रेलवे स्टेशन तक इलेक्ट्रिक ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता है। युवक ने खुद को विवाहित भी बताया है।

मामले की सूचना एलआईयू कर्मी अमित कुमार ने प्रशासनिक अधिकारियों को दी। इसके बाद अधिकारियों ने युवक को समझाकर शांत कराया और नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय ले जाकर उससे पूछताछ की। पूछताछ के बाद उसे आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

कोतवाली प्रभारी राजीव चौधरी ने बताया कि नगर मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुसार युवक के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के मद्देनजर धारा 151 के तहत चालान किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध-प्रदर्शन और आत्मदाह की धमकियों जैसी घटनाओं के बाद प्रशासन पहले से सतर्क है। इसी वजह से इस मामले में भी तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है ।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज