बहेड़ी में अमन और भाईचारे के साथ मनाई गई बकरीद, सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बहेड़ी। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व गुरुवार को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक श्रद्धा, उत्साह और आपसी भाईचारे के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और देश में अमन, चैन तथा तरक्की की दुआ मांगी। इसके बाद सुन्नत-ए-इब्राहिमी के तहत कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ।

त्योहार को लेकर पूरे नगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के चलते हर जगह शांतिपूर्ण माहौल देखने को मिला। प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

पुराने रोडवेज स्थित कदीमी ईदगाह में मुफ्ती निसार मियां ने नमाज अदा कराई। वहीं नूरी नगर स्थित आलाहजरत ईदगाह में नूरी मियां, पुरानी मस्जिद में सय्यद इफ्तिखार मियां, बाजार वाली मस्जिद में कारी अतीक रजा, मोती मस्जिद में हाफिज अनवार कादरी तथा मियां वाली मस्जिद में हाफिज अनवार अहमद ने नमाज पढ़ाई।

इसके अलावा ताज मस्जिद, सकलैनी मस्जिद, उमर मस्जिद, अब्दुल्ला चौधरी मस्जिद, मौलाशाह मियां वाली मस्जिद, मदारे आजम मस्जिद, अजहरी मस्जिद और मदीना मस्जिद समेत अन्य धार्मिक स्थलों पर भी अकीदतमंदों ने ईद की नमाज अदा की।

नमाज के दौरान प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। एसडीएम इशिता किशोर, क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार, तहसीलदार भानू प्रताप सिंह, नगर पालिका ईओ शशि प्रभा और इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ लगातार गश्त करते रहे। उनके साथ इंटेलीजेंस और दमकल विभाग की टीमें भी सक्रिय रहीं। चौकी प्रभारी नीरज सिंह, अनुज कुमार सिंह, पीतांबर सिंह सहित पीएसी और पुलिस बल सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहा।

पूरे क्षेत्र में बकरीद का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और पुलिस की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि आपसी सहयोग और सतर्कता से ही त्योहारों पर भाईचारा और शांति कायम रहती है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज