भीम मनोहर
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में एक युवक का शव खेत में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान राजेश प्रजापति पुत्र सुम्मेरी लाल प्रजापति (29) निवासी गांव ठिरिया खेतल के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी ग्रामीण मुकेश चंद मिश्र सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
बताया जा रहा है कि राजेश प्रजापति ईंट भट्ठे पर काम करता था। परिजनों के अनुसार वह बृहस्पतिवार दोपहर करीब तीन बजे भट्ठे से दो लोगों के साथ निकला था। इनमें एक युवक राजवीर निवासी उनासी और दूसरा नरेंद्र निवासी ठिरिया खेतल बताया जा रहा है।
शुक्रवार को राजेश का शव उनासी और ठिरिया खेतल गांव के बीच खेत में पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस को मृतक की जेब से 25 हजार 760 रुपये भी बरामद हुए हैं। ऐसे में पुलिस फिलहाल लूटपाट की संभावना कम मान रही है। वहीं मृतक के साथ आखिरी बार देखे गए लोगों से पूछताछ की जा रही है।
परिजनों के मुताबिक राजेश अविवाहित था और छह भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




