बहेड़ी में गुमशुदा युवक का चार दिन बाद शव तालाब से बरामद

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को एक तालाब में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान मोहल्ला शिकोही निवासी 21 वर्षीय मोहम्मद सुहेल के रूप में हुई। वह बीते चार दिनों से लापता था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

घटना स्थल का फोटो

परिजनों के अनुसार, सुहेल 14 अक्टूबर 2026 को शाम करीब चार बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। उन स्थानों पर भी पता लगाया गया, जहां सुहेल का अक्सर आना-जाना रहता था, लेकिन उसकी जानकारी नहीं मिल सकी।


युवक का पता न चलने पर परिजनों ने बहेड़ी कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच शनिवार को बाईपास स्थित डीलक्स शमा के पीछे बने तालाब में एक युवक का शव दिखाई दिया। इसकी सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को तालाब से बाहर निकलवाया। पहचान होने पर परिवार को जानकारी दी गई। सुहेल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और घर में मातम छा गया।

बहेड़ी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment