दोस्तों की कहासुनी बनी जानलेवा, इंटर छात्र की चाकू मारकर हत्या, दो आरोपी हिरासत में

SHARE:

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में दोस्तों के बीच हुआ मामूली विवाद खूनी झगड़े में बदल गया। 17 वर्षीय छात्र पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है।
बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय इंटर छात्र शिवा पटेल की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है, जब दोस्तों के बीच कहासुनी अचानक हिंसक हो गई।

 

जानकारी के अनुसार, सैनिक कॉलोनी निवासी शिवा को उसका परिचित मानव राजपूत घर से बुलाकर संजयनगर के चार खम्भा इलाके में ले गया। वहां पहले से कुछ युवक मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान शिवा पर चाकू से कई वार किए गए।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल शिवा को परिजन तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। शनिवार तड़के करीब चार बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं इलाके में भी दहशत का माहौल है। पुलिस ने मृतक के पिता केहरी सिंह की तहरीर पर पांच नामजद समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।फिलहाल पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!