पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की, शव गांव लाकर रची कहानी

SHARE:

बरेली जनपद से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके पति पर हत्या का आरोप लगा है। घटना के बाद परिवार में मातम छाया हुआ है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के मिलक थाना क्षेत्र के कोह गांव की रहने वाली 35 वर्षीय महिला पूजा देवी की मौत संदिग्ध हालात में हो गई। वह अपने पति शिवम और बच्चों के साथ गाजियाबाद में किराए के मकान में रह रही थी।

मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि शुक्रवार को गाजियाबाद में ही पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पूजा देवी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद मामले को छिपाने के लिए शव को गांव लाया गया।

परिजनों का कहना है कि करीब 12 साल पहले पूजा की शादी बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र के गांव बिशनपुर निवासी शिवम से हुई थी। शादी के बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जाता था और अक्सर मारपीट की जाती थी।

घटना की सूचना मिलते ही मायके वाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।इस घटना के बाद मृतका के दो छोटे बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है, जिससे परिवार में गहरा दुख और आक्रोश है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!