बरेली के थाना सुभाषनगर क्षेत्र की गंगानगर कॉलोनी में नवरात्र के दौरान मिलावटी खाद्य सामग्री का मामला सामने आया है, जहां कुट्टू के आटे से बनी कचौड़ी खाने के बाद एक ही परिवार के छह लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय भगवान दास ने पड़ोसी दुकानदार से कुट्टू का आटा खरीदा था।
घर पर कचौड़ी और आलू की सब्जी बनाकर परिवार के सभी सदस्यों ने व्रत का भोजन किया, लेकिन खाने के करीब डेढ़ घंटे बाद ही भगवान दास, उनकी पत्नी अखिलेशा, बेटा हिमांशु (18), वीर (5), बेटी अनुष्का (13) और भतीजा सुखदीप (18) की हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों ने सभी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक यह मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है और सभी मरीजों को अलग-अलग वार्ड में रखकर उपचार किया जा रहा है। उधर प्रशासन का कहना है कि अभी तक इस संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।



