खनन माफियाओं का दुस्साहस: टीम पर हमला, 5 किमी तक पीछा; NSA की तैयारी

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची प्रशासनिक टीम पर हमला होने का मामला सामने आया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली रोकने के दौरान आरोपियों ने न केवल अधिकारियों से हाथापाई की, बल्कि पथराव कर टीम को करीब पांच किलोमीटर तक दौड़ा दिया।

जानकारी के अनुसार, खनन अधिकारी मौके पर अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे थे। जब उन्होंने मिट्टी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की, तभी कुछ लोग कार से पहुंचे और विरोध करने लगे। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपियों ने टीम के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इस दौरान सरकारी वाहन पर पथराव भी किया गया, जिससे टीम को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा।

घटना के बावजूद टीम ने कार्रवाई जारी रखते हुए अवैध खनन में लगे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय स्तर पर माना जा रहा है कि क्षेत्र में खनन माफिया सक्रिय हैं और कार्रवाई करने पहुंची टीमों को अक्सर विरोध का सामना करना पड़ता है। प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस ने मामले में छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।डीएम बरेली अविनाश सिंह ने कहा कि इस मामले में सख्त रुख अपनाया जाएगा और आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज