बरेली में ऑल इंडिया जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शाहबुद्दीन रजवी बरेलवी ने फिल्म ‘धुरंधर 2’ में पूर्व सांसद अतीक अहमद को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जोड़कर दिखाए जाने पर आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे तथ्यहीन बताते हुए कहा कि इस तरह की प्रस्तुति से समाज में भ्रम फैल सकता है।
मौलाना ने कहा कि कुछ फिल्म निर्माता केवल कमाई के उद्देश्य से विवादित विषयों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करते हैं। उनके अनुसार, फिल्मों में धार्मिक एंगल जोड़कर दर्शकों का ध्यान खींचने की कोशिश की जाती है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी कोशिशों में समाजिक जिम्मेदारी की कमी साफ नजर आती है।उन्होंने यह भी कहा कि अतीक अहमद का राजनीतिक और आपराधिक इतिहास अलग विषय है, लेकिन पाकिस्तान की आईएसआई से जोड़ना सही नहीं है।
मौलाना शाहबुद्दीन ने फिल्म निर्माताओं से अपील की कि वे तथ्यों पर आधारित और समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली सामग्री प्रस्तुत करें
यह है अतीक अहमद का राजनीतिक इतिहास
अतीक अहमद 1989 में इलाहाबाद वेस्ट से पहली बार विधायक बने और कुल पांच बार विधायक रहे। इसके अलावा वर्ष 2004 में फूलपुर से लोकसभा सांसद भी चुने गए थे। हालांकि, उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले रहे, जिसके कारण उनका राजनीतिक जीवन लगातार विवादों में रहा।



