शादी के दिन ही मां का निधन, आंसुओं के बीच पूरी हुई बेटी की विदाई

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। बहेड़ी के लोधीपुर इलाके में सोमवार को एक परिवार ने ऐसा पल देखा, जहां खुशियों से सजा घर अचानक गहरे दुख में बदल गया। बेटी की शादी के मौके पर पूरे घर में जश्न का माहौल था, लेकिन दुल्हन की मां की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इस घटना के बाद घर में मातम छा गया, फिर भी हालात को देखते हुए आंसुओं के बीच शादी की रस्में पूरी कराई गईं।

 

मिली जानकारी के अनुसार लोधीपुर निवासी प्रवीण सक्सेना की बेटी श्रद्धा का विवाह गोरखपुर के महराजगंज के रहने वाले प्रिकेश सक्सेना से तय था। सोमवार को बारात गोरखपुर से बहेड़ी पहुंच चुकी थी और घर में पारंपरिक रस्में चल रही थीं। दोपहर में भात की रस्म के दौरान रिश्तेदार और मेहमान खुशी के माहौल में शामिल थे।

इसी बीच दुल्हन की मां रजनी सक्सेना की अचानक तबीयत खराब हो गई। बताया गया कि उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई।

मां के निधन की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और कुछ ही देर में शादी का माहौल शोक में बदल गया। दूसरी ओर, दूर से आई बारात और पहले से मौजूद मेहमानों को देखते हुए परिवार के सामने मुश्किल हालात पैदा हो गए।काफी सोच-विचार के बाद परिजनों और रिश्तेदारों ने निर्णय लिया कि बेटी की शादी की रस्में पूरी कराई जाएं। इसके बाद रात में ही फेरे और विदाई की प्रक्रिया पूरी की गई।

परिवार के लोगों के अनुसार बारात की विदाई के बाद मंगलवार सुबह रजनी सक्सेना का अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस घटना ने पूरे इलाके के लोगों को भावुक कर दिया और हर कोई परिवार के दुख में सहभागी नजर आया।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज