आवारा कुत्तों के हमले में 4 साल के अर्श की मौत

SHARE:

शाही। थाना क्षेत्र के गांव सुकली में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जंगल किनारे खेत पर पहुंचे चार वर्षीय मासूम अर्श पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

गांव निवासी खुर्शीद का बेटा अर्श सोमवार दोपहर करीब एक बजे अचानक घर से निकलकर खेत की ओर चला गया। परिवार का खेत गांव से लगभग 500 मीटर दूर जंगल की तरफ है, जहां पशुओं के लिए चारा रखा जाता है।

बताया जा रहा है कि उस दिन पिता खेत पर नहीं गए थे। करीब दो बजे जब परिजन खेत की ओर पहुंचे तो देखा कि चार आवारा कुत्ते बच्चे को नोच रहे थे। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुत्तों को भगाया, लेकिन तब तक अर्श की मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार बच्चे के पेट और सीने पर गंभीर घाव थे। शरीर के कई हिस्सों को कुत्तों ने बुरी तरह नोच डाला था। अर्श तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। इससे पहले भी कुत्ते कई लोगों पर हमला कर चुके हैं।

 

पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया और कोई तहरीर भी नहीं दी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटना दोबारा न हो।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!