बरेली में 24 घंटे में दो बड़े सड़क हादसे: तीन की मौत, एक घायल

SHARE:

बरेली। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। आंवला में सरिया से लदा ट्रक गड्ढे में पलटने से चालक की मौत हो गई, जबकि शाही थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

 

पहली घटना आंवला थाना क्षेत्र की है। सोमवार तड़के करीब 4 बजे रामनगर-मउचंदपुर मार्ग पर सरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरा। क्षेत्राधिकारी आंवला नितिन कुमार के अनुसार ट्रक संख्या UK18 CA 1984 उत्तराखंड के काशीपुर से आंवला की ओर आ रहा था।

 

आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आने से वाहन असंतुलित हो गया। गड्ढे में उतरते ही पीछे लदा भारी सरिया केबिन को तोड़ते हुए अंदर घुस गया, जिससे चालक मोनू (24 वर्ष) पुत्र करण सिंह सरियों के बीच दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सहचालक अरुण सागर (26 वर्ष), निवासी हिम्मतपुर, काशीपुर (उत्तराखंड) को पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।

 

दूसरी घटना शाही थाना क्षेत्र में बुझिया पेट्रोल पंप के पास हुई। गांव डूंगरपुर निवासी 20 वर्षीय सोनू पुत्र जयपाल अपने ममेरे भाई विशाल (20 वर्ष) पुत्र ओमकार, निवासी कटरा, के साथ बाइक से शेरगढ़ की ओर से अपने गांव लौट रहा था। बताया जा रहा है कि शाही की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

 

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रक के नीचे आ गए। आरोप है कि चालक वाहन रोके बिना दोनों को काफी दूर तक घसीटता ले गया। बाद में बाइक ट्रक के पहिए में फंस गई और चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले सोनू ने दम तोड़ दिया, जबकि विशाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। सोनू तीन भाइयों में सबसे छोटा था, जबकि विशाल दो भाइयों में बड़ा था। विशाल दो दिन पहले ही अपने फूफा के घर डूंगरपुर आया था। दोनों युवकों की मौत से गांव में शोक की लहर है।
दोनों मामलों में पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शाही हादसे में फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है, जबकि आंवला मामले में पोस्टमार्टम के बाद विधिक कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

error: Content is protected !!