बरेली में कोरोना की वापसी: गंगापुर निवासी बुजुर्ग संक्रमित, आज परिजनों की होगी जांच

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली।चार दिन पहले कोरोना मुक्त घोषित हुए बरेली जिले में फिर से संक्रमण ने दस्तक दे दी है। शहर के गंगापुर  निवासी 57 वर्षीय बुजुर्ग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन कदम उठाते हुए आज मंगलवार को उनके परिजनों की जांच कराने की तैयारी कर ली है।

जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग कुछ दिन पहले निजी काम से मुरादाबाद गए थे। लौटने के बाद उन्हें सांस लेने में दिक्कत और बुखार की शिकायत हुई। पास के निजी डॉक्टर से परामर्श लेने पर कोविड जांच की सलाह दी गई। 12 जून को निजी लैब में सैंपल दिया गया था और 15 जून को रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

रविवार देर रात रिपोर्ट आने के बाद लैब ने इसकी जानकारी आईडीएसपी को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए आईडीएसपी ने एनयूएचएम नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह को सूचित किया। डॉ. सिंह ने गंगापुर स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. शाहवान अली को निर्देश दिए कि मंगलवार सुबह ही मरीज के घर जाकर परिजनों की स्वास्थ्य जांच की जाए।

बरेली में यह पहला स्थानीय मामला है जिसमें संक्रमित व्यक्ति की रिपोर्ट जिले में ही पॉजिटिव आई है। इससे पहले जो दो पॉजिटिव केस सामने आए थे, वे बरेली से बाहर संक्रमित हुए थे। स्वास्थ्य विभाग अब अन्य संपर्क में आए लोगों की भी जानकारी जुटा रहा है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment