

सौरभ द्विवेदी
उत्तर प्रदेश के इटावा जनपद में बारिश ने लोगो की परेशानियों को बड़ा दिया है । इटावा शहर में सैफई को जोड़ने वाले मार्ग पर बने अंडर पास में बारिश के मौसम में अधिकतर चार पहिया गाड़ियां तैरती हुई नजर आती हैं,जिसको देखने पर लगता है मानो यह अंडर पास नहीं कोई नदी है। आज भी इटावा में करीब 2 घंटे झमाझम बारिश होने के बाद इटावा सैफई अंडर पास पानी से पूरी तरह भर गया जिसमें आज सैफई से अपनी प्राइवेट कार से सहसों जा रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक जगदीश अंडर पास में भरे पानी में फंस गये और उनकी कार पानी में तैरने लगी। कई घंटों तक तैरती हुई कार को देखकर स्थानीय लोगों ने थाना सिविल लाइन में सूचना दी जिस पर थाना अध्यक्ष सिविल लाइन जीवाराम मय फोर्स के अंडर पास में पहुंच गए और सिविल लाइन थाना के सिपाही अनिल व नरेंद्र ने पानी के अंदर घुस कर कार में फंसे डॉक्टर जगदीश को बहुत मशक्कत के बाद बाहर निकाला और उसके बाद एक जेसीबी को बुलाकर सरकारी चिकित्सक की कार को भी बाहर निकाला गया।




