

फतेहगंज पश्निमी। बगैर नक्शा पास कराए रामपुर रोड पर अवैध रूप से बनवाए गए स्मैक तस्कर नन्हें लंगड़ा उर्फ रियासत के आलीशान बैंक्विट हॉल ‘आशियाना’ को गुरुवार को बीडीए ने भारी पुलिस फोर्स और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलवाकर जमींदोज करवा दिया। जेल जा चुके तस्कर की बाकी संपत्तियां भी प्रशासन की जांच के दायरे में हैं और जल्द ही उन पर भी सरकार का बुलडोजर चल सकता है।
गौरतलब है कि कुख्यात स्मैक तस्कर नन्हें लंगड़ा उर्फ रियासत पुत्र अमीर अहमद को थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने 270 ग्राम स्मैक बरामद कर जेल भेजा था। साथ ही उसकी तस्करी से की काली कमाई से रातोंरात खड़ी की गई अवैध संपत्तियों की जाँच शुरू की थी |
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) उपाध्यक्ष ज़ोगिंदर कुमार प्राधिकरण के एक प्लाटून ईटीएफ जवानों के साथ गुरुवार साढ़े तीन बजे फतेहगंज पश्चिमी से आगे रामपुर रोड पर पहुंचे और बीडीए से नक्शा पास करवाए बगैर अवैध रूप से बनवाए गए तस्कर के सभी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आलीशान बैंक्विट हॉल को जमींदोज कराने के लिए पूरी इमारत पर बुलडोजर चलवा दिया। इस दौरान एसपी देहात राजकुमार अग्रवाल, सीओ बहेड़ी अजय गौतम, फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पचौरी भी मौजूद रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक प्लाटून पीएसी और मीरगंज सर्किल के चारों थानों-मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, शाही, शीशगढ़ का भारी पुलिस फोर्स भी मुस्तैद रहा। बिल्डिंग गिराने की कार्रवाई देर शाम तक जारी थी। प्रशासन की इस कार्रवाई से छोटे-बड़े तस्करों में जबर्दस्त खौफ है। उधर, इस पूरी कार्रवाई के दौरान साप्ताहिक बाजार वाले दिन कस्बे से मीरगंज की तरफ जाने वाले मेन रोड पर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही सख्ती से रोक दी गई जिससे टेंपो, ई-रिक्शा वालों और बाजार करने आए लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह ने बताया कि थाना फतेहगंज पश्निमी के अंतर्गत अवैध रूप से बने आशियाना बैंकट हॉल को गिराया जा रहा है | इस का कोई नक्सा पास नहीं था | जनवरी 2021 में एक नोटिस भी जारी हुआ था जिसका नन्हे उर्फ़ लंगड़ा द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया था | उसी के तहत यह कार्रवाई हुई है | शुक्रवार को भी आगे की कार्रवाई जारी रहेगी , यह बैंकट हॉल करीब 1000 वर्ग मीटर में बना हुआ है | स्थानीय पुलिस ने बताया है कि इस का मालिक नन्हे उर्फ लंगड़ा नशे के धंधे के साथ स्मैक तस्करी जैसे काम में संलिप्त रहा है |




