2027 के चुनाव में जनता भाजपा सरकार के कामकाज का हिसाब करेगी : अजय राय

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के साथ ही भाजपा सरकार के खिलाफ राजनीतिक अभियान तेज कर दिया है। रविवार को सीबीगंज में आयोजित संविधान संवाद कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता के सामने कई गंभीर समस्याएं हैं और आगामी चुनाव में लोग अपने मत के जरिए सरकार के कामकाज का जवाब देंगे।

 

सोर्स। कांग्रेस

अजय राय ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। युवा रोजगार की तलाश में परेशान हैं, जबकि किसान अपनी समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की परेशानियों पर पर्याप्त ध्यान देने के बजाय सत्ता के प्रभाव में काम कर रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सरकार की नीतियों को लेकर आम जनता में असंतोष है।

संविधान संवाद के दौरान अजय राय ने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का लाभ समाज के सभी वर्गों तक समान रूप से नहीं पहुंच रहा है। उनके मुताबिक गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग बढ़ती महंगाई का सामना कर रहा है, जबकि युवाओं के सामने रोजगार का संकट बना हुआ है।

उन्होंने भाजपा की डबल इंजन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है। अजय राय ने राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों से जुड़े सवालों को लगातार उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के संगठन सृजन अभियान के जरिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय किया जा रहा है और कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए तैयार किया जा रहा है।

कार्यक्रम में सीतापुर सांसद राकेश राठौर ने भी महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा के इस्तेमाल की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। बेरोजगारी के कारण युवाओं में भविष्य को लेकर चिंता है। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस को बूथ स्तर पर मजबूत करने का काम चल रहा है और कार्यकर्ता जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर गांव और मोहल्लों तक पहुंचेंगे।

इससे पहले फरीदपुर टोल प्लाजा और झुमका चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अजय राय और राकेश राठौर का स्वागत किया। दोनों नेताओं के कार्यक्रम में पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया। संविधान संवाद कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने किया।

कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी, महानगर अध्यक्ष दिनेश दद्दा, मास्टर छोटेलाल गंगवार, प्रदेश सचिव असलम चौधरी, राजाराम साहू, प्रेम प्रकाश अग्रवाल, केके शर्मा, प्रवीण शर्मा, मनोज शर्मा, अनुराग राठौर, साहिल राठौर, हरीश भारती, रंजीत राठौर, हारून अल्वी, राजाराम राठौर, मुकेश, मुरारी लाल, रामकुमार, रमेश साहू, रामावतार फौजी, मदनलाल प्रधान, मसूद अली पीरजादा, नरेंद्र साहू, आशीष साहू, विश्वास साहू, आशिक अली, जगदीश शरण, हेमेंद्र शर्मा, डॉ. हरीश गंगवार और सुरेश दिवाकर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज