बरेली।
जिला अध्यक्ष दुर्गेश मौर्य के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार मीरगंज को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बरेली अड्डे से बिलासपुर अड्डे तक जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति सुधारने की मांग उठाई गई।
किसान नेताओं का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से खराब हालत में है। सड़क पर कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। ऐसे में हादसे का खतरा भी बढ़ जाता है।
यह मार्ग कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इसी रास्ते से बाजार, स्कूल, कामकाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आते-जाते हैं। सड़क की दुर्दशा के कारण लोगों को समय के साथ आर्थिक नुकसान और परेशानी भी उठानी पड़ रही है।
भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) ने प्रशासन से सड़क की तत्काल जांच कराने और मानकों के अनुरूप निर्माण व मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो किसान और स्थानीय ग्रामीण शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करेंगे। संगठन ने इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होने की बात कही है।
ज्ञापन देने वालों में जिला अध्यक्ष दुर्गेश मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष वामिक हुसैन खान, बरेली मंडल सचिव महेश पाल गंगवार समेत संगठन के पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।




