11 माह के मासूम की सड़क हादसे में मौत, मां की गोद हुई सूनी; माता-पिता भी घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

बरेली (मीरगंज)।

धनेटा फाटक के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। रिश्तेदारी में खुशी के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहा परिवार कभी सोच भी नहीं सकता था कि यह सफर उनके लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख बन जाएगा। तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में 11 माह के मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और बड़ी बहन हादसे का शिकार हो गए।

जानकारी के अनुसार, रामपुर जिले के शाहबाद क्षेत्र के करीमगंज गांव निवासी राकेश यादव अपनी पत्नी कामनी, दो वर्षीय बेटी और 11 माह के बेटे पीयूष के साथ बाइक से शाही क्षेत्र के मिर्जापुर गांव जा रहे थे। परिवार एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकला था।

सुबह करीब साढ़े 11 बजे नेशनल हाईवे पर धनेटा फाटक के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पूरा परिवार सड़क पर जा गिरा। हादसे के दौरान मां की गोद में मौजूद मासूम पीयूष ट्रक की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में कामनी का हाथ बुरी तरह घायल हो गया, जबकि राकेश यादव और उनकी दो वर्षीय बेटी को भी चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। पुलिस ने मासूम के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जिस मां ने कुछ पल पहले अपने बेटे को सीने से लगा रखा था, उसी की गोद हादसे के बाद हमेशा के लिए सूनी हो गई। अस्पताल में परिजनों की चीख-पुकार और घर में पसरा मातम हर किसी की आंखें नम कर गया। पिता भी गहरे सदमे में हैं और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ी गई न्यूज