
पंकज शर्मा
अलीगढ़। जनपद के तीन थाना क्षेत्रों में हुई सड़क हादसों में एक युवक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने राहगीरों की सूचना पर दोनों शवों को कब्जे में लेकर आज पोस्ट मार्टम कराया। मोबाइल व आधार कार्ड से इनकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।देहली गेट थाना क्षेत्र के मौहल्ला घुड़िया बाग निवासी 28 वर्षीय अनिल पाल पुत्र ओम प्रकाश हरियाणा के गुरूग्राम की निजी कम्पनी में नौकरी करता था। शुक्रवार की प्रातः आठ बजे बाइक द्वारा अनिल पाल गुरूग्राम जा रहा था। अलीगढ़-पलवल मार्ग पर खैर कोतवाली क्षेत्र के गांव नरायनपुर के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। इसमें अनिल लहू लुहान होकर बेहोश हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और इसे उठाकर सीएचसी लेकर पहुंची जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके मोबाइल से पुलिस ने परिजनों को जानकारी दी और परिजन पहुंच गये। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिवार में हादसे से कोहराम मचा हुआ है।
दूसरी घटना अतरौली कोतवाली क्षेत्र के गांव राजगांव के पास हुई। अतरौली कस्बा के मौहल्ला खेरा पतान निवासी 50 वर्षीय सलीमउद्दीन पुत्र गफूर उद्दीन शुक्रवार की प्रातः नौ बजे एक्टिवा द्वारा अपनी ससुराल गांव बरौली थाना छर्रा जा रहा था। गांव राजगांव के पास अचानक एक्टिवा अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। इसमें सलीमउद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड आदि से शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। परिजन भी मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।तीसरी घटना इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव कनौरिया के पास हुई। इगलास क्षेत्र के गांव रायत निवासी 50 वर्षीय राजेन्द्र उर्फ रज्जो बाइक द्वारा शुक्रवार की दोपहर एक बजे किसी काम से कस्बा इगलास आ रहा था। मुरसान रोड स्थित गांव कनौरिया के पास तेज रफ्तार से आते ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। राजेन्द्र बाइक से नीचे गिरा और टैªक्टर के पहिये के नीचे सिर आ जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्ट मार्टम को भिजवाया।




