मुठभेड़ में सुभाषनगर पुलिस को बड़ी सफलता, तीन लुटेरे गिरफ्तार — एक घायल

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

बरेली।सुभाषनगर पुलिस को सोमवार देर शाम वाहन चेकिंग के दौरान बड़ी सफलता हाथ लगी। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें से एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया। घायल बदमाश और एक दरोगा को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस और आठ हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं।

सीओ सिटी तृतीय के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन संदिग्ध युवक बाइक पर सवार होकर इलाके में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर करगैना चौकी के पास घेराबंदी की गई, लेकिन पुलिस को देखते ही तीनों बदमाश मदर पब्लिक स्कूल के पीछे की ओर भागने लगे और पीछा करने पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश अयान को पैर में गोली लग गई, जिसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

घायल बदमाश की पहचान पुराना शहर के जगतपुर गौंटिया निवासी अयान पुत्र बबलू खान के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए। बाद में कांबिंग के दौरान दो अन्य आरोपियों — चनेहटा निवासी इमरान पुत्र इकबाल हुसैन और अबरेज पुत्र आबिद अली — को भी दबोच लिया गया। इमरान के पास से भी तमंचा और कारतूस बरामद हुए।

 

सुभाषनगर इंस्पेक्टर अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों ने 9 जून को करगैना बाजार में महिला से कुंडल छीने थे और 13 जून को किला चौकी क्षेत्र में एक टेंपो सवार महिला से कुंडल और पर्स लूटा था। पुलिस ने अब तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment