बहेड़ी में आसमान से बरसी मौत, काम पर निकले युवक की आकाशीय बिजली से गई जान

Picture of newsvoxindia

newsvoxindia

FOLLOW US:

SHARE:

 

बरेली। रविवार सुबह की बारिश बहेड़ी के एक परिवार के लिए मातम बनकर आई। तेज बारिश के दौरान ग्राम सिमरा निवासी फरदीन अंसारी (उम्र करीब 22 वर्ष) की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। फरदीन सुबह करीब 7:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल (UP25DF5871) से काम पर जा रहा था। रास्ते में जब वह ग्राम लालू नगला की ओर बढ़ रहा था, तभी अचानक मौसम बदला और मूसलधार बारिश शुरू हो गई।

बारिश से बचने के लिए वह मिर्जापुर रंजीत पुल के पास एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। उसी दौरान तेज गड़गड़ाहट के साथ आकाशीय बिजली वहीं गिर गई, जिसकी चपेट में आकर फरदीन की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। युवक की मौत की खबर से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

यह पहली बार नहीं है जब बहेड़ी क्षेत्र में आकाशीय बिजली ने किसी की जान ली हो। इससे पहले भी इसी इलाके में एक व्यक्ति की मौत इसी तरह की घटना में हो चुकी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं।

गौरतलब है कि बरेली जिले में आज सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर जारी है। हालांकि इससे भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन बिजली गिरने की घटनाएं खतरे की घंटी बजा रही हैं। मौसम विभाग पहले ही चेतावनी जारी कर चुका है कि गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है।

 

newsvoxindia
Author: newsvoxindia

Leave a Comment