
पीलीभीत। कोरोना काल में लोगों की मुसीबत अभी भी कम नहीं हुई है। ताजा मामला पीलीभीत के यूपी उत्तराखंड के बॉर्डर का है। जहां एक दूल्हे को उसकी बारात के साथ बॉर्डर से वापस कर दिया गया। बारात वापस होने की जो बजह बताई गई उसके अनुसार दूल्हा कोरोना संक्रमित निकला था।
दूल्हे को निकाह के लिए जाना था खटीमा
पीलीभीत के कोतवाली क्षेत्र के चलो गांव के रहने वाले एक युवक की बारात गुरुवार को खटीमा के लिए रवाना हुई थी। बारात जाने से पहले अधिकतर लोगों ने अपनी कोरोना जांच कराई थी। हालांकि दूल्हे को हल्का खांसी जुखाम था।मिली जानकारी के मुताबिक बारात जैसे ही हल्दीघेरा पर पहुंची तो उत्तराखंड की स्वास्थ विभाग की टीम बाहर जांच कर रही थी । इसी दौरान वहां से बारात भी गुजर रही थी। पुलिसकर्मियों की मदद से बारात को पहले तो रोका गया और कोरोना जांच की रिपोर्ट मांगी गई। बारात में शामिल 40 लोगों में कुछ लोगों के पास कोरोना रिपोर्ट थी लेकिन कुछ के पास नहीं थी। पहले तो बारात पक्ष के लोगों ने मामले को ऐसे ही निपटाने की कोशिश की लेकिन सख्ती के चलते सभी को कोरोना टेस्ट कराना पड़ा, दूल्हे ने भी अपना कोरोना जांच कराई जिसमें वह कोरोना संक्रमित पाया गया। दूल्हे की रिपोर्ट देखकर बारात में शामिल हुए लोगों में हड़कंप मच गया जिसके बाद दूल्हे समेत पूरी बारात को बैरंग वापस लौटने को कहा गया।इसी दौरान बॉर्डर पर लड़की पक्ष के लोग भी पहुंच गए और मामले को सुलझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने इस मामले में किसी भी तरह से मदद करने से इंकार कर दिया।
14 दिन के बाद दूल्हे राजा बारात लेकर जाएंगे खटीमा
कोविड प्रोटोकॉल के मुताबिक कोई भी शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया जाता है तो उसे 14 दिन के लिए होम क्वारन्टीन रहना पड़ता है। ऐसे में माना जा रहा है कि 14 दिन बाद दूल्हे राजा अपनी बारात खटीमा लेकर जाएंगे । फिलहाल कोरोना ने दोनों परिवारों के सामने कुछ दिनों के लिए दीवार खड़ी कर दी है।अब निकहा की रस्म 14 दिन बाद ही अदा हो पाएगी।




