बरेली। डॉटर डे के मौके पर अभिनेत्री दिशा पाटनी की बहन और पूर्व सैन्य अधिकारी खुशबू पाटनी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। 27 सितंबर को बनाया गया बताया जा रहा यह वीडियो बेटियों की सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के संदेश से जुड़ा है। वीडियो में खुशबू एयर पिस्टल के साथ नजर आती हैं और लड़कियों को अपनी सुरक्षा के लिए खुद तैयार रहने की सलाह देती दिखाई देती हैं।
वायरल वीडियो में खुशबू एक एयर पिस्टल दिखाती हैं और इसकी कीमत करीब 60 से 70 हजार रुपये बताती हैं। वह पिस्टल को लोड करने और फायर करने का प्रदर्शन भी करती नजर आती हैं। उनका कहना है कि लड़कियों को अपनी सुरक्षा के लिए हमेशा किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। उन्होंने आत्मरक्षा के लिए जरूरी प्रशिक्षण हासिल करने पर भी जोर दिया।
वीडियो में खुशबू आत्मरक्षा के अधिकार का जिक्र करते हुए संविधान के अनुच्छेद 21 की बात करती दिखाई देती हैं। साथ ही वह पिस्टल के इस्तेमाल को लेकर जिम्मेदारी और सावधानी बरतने की बात भी कहती हैं। हालांकि एयर पिस्टल रखने और इस्तेमाल करने से जुड़े नियम उसके तकनीकी मानकों और संबंधित कानूनी प्रावधानों पर निर्भर करते हैं।

सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो को बिहार के जमुई में छात्रा से जुड़ी घटना के बाद खुशबू की प्रतिक्रिया से भी जोड़ा जा रहा है। हालांकि वीडियो को डॉटर डे के संदेश के तौर पर भी बताया जा रहा है।
वहीं, खुशबू पाटनी के पिता से जब वीडियो को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को संविधान के तहत अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि खुशबू अक्सर सोशल मीडिया के जरिए अपने विचार साझा करती हैं और वीडियो के बारे में विस्तृत जानकारी वही दे सकती हैं।



