बरेली।
मीडिया से बातचीत में डीआईजी मुनिराज जी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करना उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसके लिए रेंज के सभी जिलों के एसपी और एसएसपी के साथ नियमित बैठकें और समीक्षा की जाएगी। पुलिस अधिकारियों से अपराध की घटनाओं, उनके खुलासे, विवेचनाओं की प्रगति और अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का ब्यौरा लिया जाएगा। साथ ही अपराध रोकने के लिए बनाई गई योजनाओं के परिणामों की भी पड़ताल होगी।
भ्रष्टाचार के मामलों में तत्काल कार्रवाई का भरोसा
डीआईजी ने स्पष्ट किया कि सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के मामलों में किसी को भी राहत नहीं मिलेगी। पुलिस विभाग के किसी कर्मचारी या अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार, दोनों के मामलों में सख्त नीति अपनाई जाएगी।
जनसुनवाई में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त
नए डीआईजी ने आम जनता की समस्याओं के समाधान को भी पुलिस की अहम जिम्मेदारी बताया। उनका कहना है कि थानों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालयों तक जनसुनवाई प्रभावी होनी चाहिए। शिकायतों को केवल दर्ज करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका निष्पक्षता के साथ सही समाधान करना भी जरूरी है। शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
चार जिलों की पुलिस व्यवस्था की होगी नियमित समीक्षा
बरेली रेंज में बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर जिले शामिल हैं। इन सभी जिलों में शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और पुलिस की कार्यशैली को जवाबदेह बनाने की जिम्मेदारी अब डीआईजी मुनिराज जी के पास है। आगामी चुनाव और बड़े सार्वजनिक आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना भी उनके लिए महत्वपूर्ण चुनौती होगी।



