बरेली। लगातार बारिश के बीच बरेली में नदियों के बढ़ते जलस्तर से मुश्किलें बढ़ने लगी हैं। शेरगढ़ क्षेत्र के बैरमनगर गांव में किच्छा नदी के तेज कटान की वजह से जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही ओवरहेड पानी की टंकी नदी में गिर गई। करीब 3.97 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का काम अभी पूरा नहीं हुआ था। हादसे के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
बताया गया कि बारिश के बाद किच्छा नदी का पानी बढ़ने लगा और किनारे की जमीन तेजी से कटने लगी। इसका असर निर्माणाधीन टंकी पर भी पड़ा। पहले टंकी की सुरक्षा के लिए बनाई गई दीवार नदी में बह गई। इसके बाद कटान धीरे-धीरे टंकी के हिस्से तक पहुंच गया और निर्माणाधीन ढांचा भी नदी में समा गया।हालात बिगड़ने की जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। टंकी परिसर में मौजूद सोलर पैनल, जनरेटर, डीजी और स्काडा सहित दूसरे उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर हटा दिया गया। हालांकि, मुख्य निर्माण को नहीं बचाया जा सका। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह के मुताबिक, मामले की वास्तविक वजह पता लगाने के लिए एसडीएम स्तर से तीन सदस्यीय जांच टीम बनाई गई है। टीम यह जांच करेगी कि टंकी नदी के प्राकृतिक कटान की वजह से गिरी या निर्माण कार्य में कोई तकनीकी कमी अथवा लापरवाही भी इसकी वजह रही।प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं टंकी के गिरने से बैरमनगर के ग्रामीणों को नल के जरिए पानी उपलब्ध कराने की योजना को फिलहाल झटका लगा है।



