बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में अरिल नदी के तेज बहाव में बाइक समेत बहे तीन युवकों के मामले में मंगलवार को दो शव बरामद कर लिए गए। हादसे के बाद से पुलिस और गोताखोर लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने भी दो शव बरामद होने की पुष्टि की है। वहीं तीसरे युवक की तलाश अभी जारी है।

हादसा सोमवार शाम अतरछेड़ी मार्ग पर डरुआपुर गांव के पास बने रपटा पुल पर हुआ था। बताया जा रहा है कि तीनों युवक बाइक से बरेली की ओर जा रहे थे। रपटा पुल पार करते समय अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और तीनों युवक बाइक समेत अरिल नदी के तेज बहाव में जा गिरे। नदी का बहाव तेज होने के कारण तीनों कुछ ही देर में पानी में लापता हो गए। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था।
सूचना मिलते ही आंवला और बिशारतगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई और देर रात तक रेस्क्यू अभियान चलता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिली।घटना की जानकारी पर डीएम अविनाश सिंह और एसएसपी अनुराग आर्य भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों ने रेस्क्यू टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मंगलवार को सर्च ऑपरेशन के दौरान नदी से दो युवकों के शव बरामद कर लिए गए। शव मिलने के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं तीसरे युवक की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।


