
अब्दुल वाजिद
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में शुक्रवार को एक झोलाछाप डॉक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई | बताया जाता है डॉक्टर अपनी प्रैक्टिस करने के बाद मोटर साइकिल से अपने घर वापस आ रहा था तभी अज्ञात लोगो ने गोली मारकर हत्या कर दी | पुलिस ने डॉक्टर का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है | पुलिस घटना के पीछे की वजह की जाँच कर रही है |
डॉक्टर के भाई रामचंद्र पुत्र पीतमलाल ने घटना के सम्बन्ध में तहरीर देते हुए बताया है कि उसका छोटा भाई ओमप्रकाश शर्मा बहेड़ी थाना क्षेत्र के गांव अरिसिया में प्राइवेट प्रैक्टिस करता था | वह बीते दिन अरिसिया गांव से अपनी दुकान बंद करके अपनी मोटरसाइकिल से घर वापस आ रहा था तभी 7 :30 के आसपास इश्त्याक के बाग के पास अज्ञात लोगो ने गोली मार दी | घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ओमप्रकाश को बहेड़ी के एक अस्पताल ले गए जहां ओमप्रकाश की मौत हो गई | वही मृतक के भाई ने अपनी तहरीर में यह भी जानकारी दी है कि घटना स्थल पर एक मोटरसाइकिल खड़ी होने के साथ मौके पर एक तमंचा भी पड़ा था |
एसपी ग्रामीण राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि बहेड़ी थाना क्षेत्र के दहिया बोझ में एक व्यक्ति डॉक्टर ओमप्रकाश की गोली मारकर हत्या कर दी गई | इस संबंध में मृतक के भाई के द्वारा बहेड़ी थाने पर 302 आईपीसी के अंतर्गत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है | पुलिस को घटना के संबंध में महत्वपूर्व जानकारी मिली है |जल्द मामले का खुलासा किया जायेगा |




