

पंकज शर्मा
अलीगढ़ |पंचायत चुनाव को देखते हुए पुलिस सख्ती के मूड में आ गई है । पुलिस कार्रवाई करते हुए जिले के 596 ऐसे असामाजिक तत्वों को चिह्नित किया गया है, जो माहौल बिगाड़ सकते हैं। पुलिस की ओर से इन सबको चेतावनी कर्ड जारी किया गया है। इसके बावजूद अगर इनमें से किसी ने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया तो सख्त कार्रवाई होगी।एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पंचायत चुनाव को सकुशल व शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए जुआ-सट्टा व शराब तस्करों के खिलाफ अभियान चला रखा है। एसएसपी ने 10 साल पुराने अपराधियों को चिह्नित करके उनकी मौजूदा स्थिति जांचने के आदेश दिए थे। इसी के साथ ऐसे असामाजिक व शरारती तत्वों को भी चिह्नित किया गया, जो चुनाव में किसी भी तरह से बाधा बन सकते हैं। जिलेभर में ऐसे 596 लोग चिह्नित किए गए हैं। इन्हें चेतावनी कार्ड जारी किया गया है। अब यदि कोई ऐसा कार्य करता है, जिससे शांति व कानून व्यवस्था प्रभावित होती है या आमजन को किसी प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालने के लिए दबाव बनाने की बात सामने आती है या उसके स्वतंत्र मताधिकार के प्रयोग करने में बाधा उत्पन्न होती है तो उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।
अलीगढ पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
एसएसपी ने चुनाव हेल्पलाइन नंबर 9528031331 भी जारी किया था। इस पर आम जनता फोन कर आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन की सूचना दे सकती है। साथ ही चुनाव में किसी तरह के प्रलोभन जैसे शराब बांटने, डराने, धमकाने या मतदान से रोकने वालों की सूचना दे सकते हैं। नंबर पर वाट्सएप की सुविधा भी उपलब्ध है। वही एसएसपी का कहना है शिकायत मिलते ही पुलिस कम से कम समय में रिस्पांस देगी |




