
बरेली| मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने कहा की बरेली मंडल की औद्योगिक क्षेत्र के रूप में भी पहचान है, औद्योगिक विकास के लिए शासन से अनुमन्य योजनाओं का समुचित लाभ यहां की औद्योगिक इकाइयों, विशेष रूप से लघु एवं मध्यम इकाइयों को उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप उद्योगों का विकास और रोजगार सृजन, औद्योगिक इकाइयों की प्राथमिकता होना चाहिए।
मंडलायुक्त आज कमिश्नरी सभागार में औद्योगिक निवेश एवं रोज़गार प्रोत्साहन नीति 2017 के अंतर्गत निवेश मित्र पोर्टल पर दाखिल प्रस्ताव के सम्बंध में विचार हेतु आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। संयुक्त निदेशक, उद्योग ऋषि रंजन गोयल, मंडल के समस्त जनपदों के अपर ज़िलाधिकारी के अलावा जीएसटी, स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग के साथ कई औद्योगिक इकाइयों को प्रतिनिधि बैठक में शामिल रहे। मंडलायुक्त ने बैठक में आए विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे शासन की योजनाओं द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे अनुमन्य लाभ प्राप्त करें और अधिक से अधिक रोज़गार के अवसर सृजित करने के प्रयास करें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए औद्योगिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों द्वारा बड़ा योगदान किया जा सकता है।
मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार ने औद्योगिक क्षेत्रों और औद्योगिक इकाइयों को प्रमाण पत्र आदि निर्गत करने वाले सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने दायित्वों का निष्ठा पूर्वक निर्वहन करते हुए लम्बित प्रकरण तत्काल निपटाएं और कोई भी प्रमाण पत्र, एनओसी आदि का कार्य लम्बित न रखें। उन्होंने कहा कि सम्बंधित विभागों का किसी भी समस्या के समाधान पर फोकस होना चाहिए, समस्या को समाप्त करने के प्रयास होने चाहिए। उन्होंने बैठक में आए सभी अधिकारियों से कहा कि वे सम्बंधित विषय पर, जिसके लिए बैठक बुलाई गई है, उसकी तैयारी करके आएं। उन्होंने सभी जनपदों के अपर ज़िलाधिकारियों वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिए कि अपने अपने जनपदों में वे अगले एक सप्ताह में समीक्षा बैठक करें, सभी लम्बित प्रकरणों के निराकरण का प्रयास करें। उन्होंने यह भी कहा कि नियमित रूप से अनुश्रवण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाए।




