
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में देररात एक्सेल टूटने कारण खड़ी डबल डेकर बस को लखनऊ की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी , जिसके चलते हादसे में 18 बस यात्रियों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए | बताया जाता है कि यह हादसा उस समय हुआ जब बस में सवार यात्री कुछ बस के अंदर और कुछ नीचे सो रहे थे | मामले की जानकारी होते ही मौके पर पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी पुलिसबल के साथ पहुंच गए और स्थानीय लोगो की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया।
हादसे के वक्त यात्री बस के आगे -पीछे सो रहे थे
रामसनेहीघाट थाना क्षेत्र के लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर खराब खड़ी डबल डेकर बस में लखनऊ की ओर से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बस में सवार और उसके नीचे सो रहे लोग उसकी चपेट में आ गए। मीडिया के मुताबिक हादसे में 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और कई लोगों ने जिला अस्पताल आते-आते दम तोड़ दिया। अब तक हादसे में 18 लोगो की मौत की पुष्टि हो चुकी है | कई यात्री शहर और लखनऊ के ट्रामा सेंटर में जिंदगी मौत की लड़ाई लड़ रहे है | मामले की जानकारी होते ही पुलिस और प्रशासन के आलाधिकारी मोके पर पहुंचे और राहत बचाव के काम में जुट गए |

बारिश के बीच हुआ हादसा
प्राइवेट डबल डेकर बस हरियाणा से बिहार जा रही थी इसी दौरान बस लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पर कल्याणी नदी के पास बस खराब हो गई। बस ठीक होने में वक्त लग रहा था इसलिए यात्री उतरकर बस के आगे पीछे और नीचे जाकर सो गए | तभी लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। जिसके चलते 11 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और 7 लोगों ने अस्पताल पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ दिया। घटना में कई यात्री बुरी तरह से घायल भी हो गए| मौके का फायदा उठाते हुए ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी। बाराबंकी एसपी यमुना प्रसाद, एसडीएम जितेंद्र कटियार और सीओ पंकज सिंह के नेतृत्व में बारिश के बीच पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को निकलवाने और घायलों को अस्पताल भिजवाने का काम शुरू किया। हादसे का शिकार लोगों ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री बिहार के सीतामढ़ी, सुपौल के रहने वाले हैं।
घटना पर सीएम योगी ने लिया संज्ञान
बाराबंकी सड़क हादसे पर सीएम योगी ने दुख जताया है | सीएम योगी ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है | वही सीएम ने दुर्घटना में घायल लोगों को समुचित उपचार कराने और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद और राहत प्रदान करने के निर्देश दिए है |




