बरेली। तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने गुरुवार को जिले में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। अलग-अलग घटनाओं में जर्जर मकानों की दीवारें गिरने से दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची समेत कई लोग घायल हुए हैं। किला थाना क्षेत्र में दीवार गिरने से छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डीएम बरेली अविनाश सिंह ने अलग-अलग घटनाओं में 2 महिलाओं की मौत और किला क्षेत्र में छह लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।
सिरौली में जर्जर दीवार बनी मौत का कारण
आंवला तहसील के सिरौली थाना क्षेत्र के अंजनी गांव में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हादसा हुआ। बताया गया कि तेज हवा और बारिश के दौरान लंबे समय से खाली पड़े एक पुराने मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त दीवार के पास फूलसिंह की सात वर्षीय बेटी रिया, उसकी 60 वर्षीय दादी सुदामा देवी और पड़ोस में रहने वाले राजाराम का नौ वर्षीय बेटा राजा मौजूद थे। दीवार गिरने से तीनों मलबे में दब गए।

दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला। हादसे में सुदामा देवी और राजा की मौत हो गई, जबकि रिया गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल सीएचसी सिरौली ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
किला क्षेत्र में छह लोग घायल
उधर, किला थाना क्षेत्र में भी बारिश के दौरान एक मकान की दीवार गिर गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य कराया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
डीएम ने की हादसों की पुष्टि
डीएम बरेली अविनाश सिंह ने जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो महिलाओं की मौत और किला क्षेत्र में छह लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। सिरौली पुलिस ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। प्रशासन की ओर से हादसों की जानकारी जुटाने के साथ ही घायलों के उपचार की व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। लगातार बारिश के बीच जर्जर मकानों को लेकर भी लोगों में चिंता बढ़ गई है।



